आजकल ऑनलाइन गेम पर दोस्ती करना आम बात हो गयी है। और यह दोस्ती हमेशा कोई न कोई कहानी जरूर बनाती है। ऐसी ही एक कहानी है पलामू की लड़की की है जिसे फ्री फायर गेम खेलते-खेलते हरियाणा के लड़के से प्यार हो गया। प्यार के राह में दोनों इतने करीब आ गये कि एक रोज लड़की घर छोड़कर भाग गई। इंटर में पढ़नेवाली इस लड़की के अचानक गायब हो जाने पर उसके घर के लोग बेहद परेशान हो गये। मामला पलामू के मनातू थाना तक पहुंचा। पुलिस को बताया गया कि बीते 12 अक्टूबर को लड़की अपने कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी फिर नहीं लौटी। जांच से खुलासा हुआ कि लड़की हरियाणा के यमुनानगर में रहनेवाले एक लड़के सुबोध कुमार रावत से संपर्क में आ गई थी। करीब 6 माह पहले ऑनलाइन फ्री फायर गेम खेलते-खेलते दोनों में दोस्ती हो गयी थी। इसके बाद पहले चैटिंग शुरू हुई। फिर फोन पर दोनों में बातचीत भी होने लगी। तब लड़के ने उसे अपने पास बुलाने के लिए मना लिया। उसे टिकट के लिए 2 हजार रुपये भेजा और अपने घर का लोकेशन भेज अपने पास हरियाणा बुला लिया। लड़की दिल्ली होते हुए हरियाणा पहुंची थी। लड़की का लोकेशन मिलते ही हरियाणा पहुंची पलामू पुलिस दोनों को पकड़कर ले आयी। लड़के को जेल भेज दिया गया।