अब मईया के साथ भैया को भी सम्मान! झारखंड सुशासन पार्टी का बड़ा चुनावी वादा
गिरिडीह: गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज होने लगी है। इसी बीच नवगठित झारखंड सुशासन पार्टी ने चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजीव सिन्हा को गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया है। इसके साथ ही पार्टी ने अपना चुनावी मेनिफेस्टो भी जारी कर दिया है। इसमें मईया-भईया सम्मान योजना के तहत प्रत्येक लाभुक को 10 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है।
झारखंड सुशासन पार्टी ने खोले अपने चुनावी पत्ते
गिरिडीह स्थित अपने आवासीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. संजीव सिन्हा ने प्रत्याशी बनाए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी का उद्देश्य झारखंड में सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना है। पार्टी राज्य में नैतिक नेतृत्व और जनकल्याणकारी नीतियों को प्राथमिकता देते हुए एक स्वतंत्र राजनीतिक विकल्प तैयार करना चाहती है।
डॉ. संजीव सिन्हा को सौंपी गई चुनावी कमान
झारखंड सुशासन पार्टी ने गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव के लिए पार्टी अध्यक्ष डॉ. संजीव सिन्हा पर भरोसा जताया है। पार्टी की ओर से उन्हें प्रत्याशी घोषित करते हुए चुनावी मैदान में उतारने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, अन्य राजनीतिक दलों की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा का इंतजार है।
मईया-भईया सम्मान योजना के तहत 10 हजार रुपये देने का वादा
पार्टी की ओर से जारी चुनावी मेनिफेस्टो में मईया-भईया सम्मान योजना को प्रमुखता दी गई है। इसके तहत प्रत्येक लाभुक को 10 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है। पार्टी ने इसे अपने चुनावी एजेंडे का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है।
उच्च शिक्षा और रोजगार पर रहेगा विशेष जोर
डॉ. संजीव सिन्हा ने कहा कि झारखंड सुशासन पार्टी का मुख्य फोकस राज्य में उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना होगा। इसके अलावा प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर शासन प्रणाली स्थापित करने की दिशा में काम करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि पार्टी जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से राज्य के विकास और जनता के हितों को प्राथमिकता देना चाहती है।
प्रेसवार्ता में पार्टी के कई पदाधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर अधिवक्ता नीरज कुमार समेत झारखंड सुशासन पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव में डॉ. संजीव सिन्हा की उम्मीदवारी और पार्टी के चुनावी मेनिफेस्टो की घोषणा के बाद जिले की राजनीतिक गतिविधियों में एक नया नाम जुड़ गया है।
अब देखना होगा कि चुनावी मैदान में उतरने के बाद झारखंड सुशासन पार्टी को जनता का कितना समर्थन मिलता है।











