गिरिडीह में मानसून ने दस्तक दे दी है।बुधवार की सुबह 5 बजे से ही काले बादल छाए रहे और रुक रुककर लगातार बारिश हो रही है। बारिश के कारण गत तीन दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से शहरवासियों को राहत मिली। बारिश के कारण जिले का अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को जिले का तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा।

मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक कहीं मुसलाधार तो कहीं रूक रूक कर बारिश होती रहेगी। आज बुधवार व गुरूवार को जिले में अत्यधिक बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। जिले के किसान भी मानसून की बारिश का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। बारिश होते ही बिचड़ा लगाने की प्रक्रिया शुरु हो गई है। मानसून की तेज बारिश होते ही तैयार बिचड़ा की बुआई शुरु हो जाएगी।
