रांची से हजारीबाग के रेल यात्रियों को एक नयी सौगात मिलने वाली है क्योंकि इस रूट में एक नई ट्रेन चलने वाली है। हजारीबाग के विधायक मनीष जायसवाल ने इस मामले को लेकर ट्वीट भी किया है। उन्होंने कहा है की यह एक सकारात्मक शुरुआत है और जल्द ही लंबी दूरी की ट्रेनें भी चलेगी। आपको बता दें कि रांची-कोडरमा रेल लाइन वाया बरकाकाना-हजारीबाग पहली इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी.मधुपुर-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन -मधुपुर से सुबह 6:15 बजे रवाना होगी. यह ट्रेन महेशमुंडा ,न्यू गिरिडीह, जमुआ, धनवार, कोडरमा, बरही, कटकमसंडी, हजारीबाग, बरही, बरकाकाना, मेशरा होते हुए उसी दिन दोपहर 1:10 बजे रांची पहुंचेगी. यही ट्रेन रांची से दोपहर 3:25 रवाना होगी और रात 10:15 मधुपुर पहुंचेगी. मधुपुर से रांची तक की यात्रा 6 घंटे 55 मिनट में तय की जाएगी. यह ट्रेन 15 स्टेशनों पर रुकेगी। इस रेल लाइन के निर्माण से पटना, दिल्ली व गया की दूरी कम हो जाएगी साथ ही लाइन पर ट्रेन चलने से कोडरमा, हजारीबाग सहित मधुपुर व बरकाकाना को रांची व पटना से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. न्यू गिरिडीह कि बात करें तो सुबह 7 बजे ट्रेन पकड़ कर इस ट्रेन से 1 बजे रांची पहुंचा जा सकता है साथ ही दोपहर 3 बजे ट्रेन पकड़ कर रात 9 बजे वापस आया जा सकता है।

