पचम्बा बिशनपुर में देर रात शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा, चार स्कूटी और स्पेयर पार्ट्स जलकर राख
गिरिडीह: पचम्बा थाना क्षेत्र के बिशनपुर स्थित M S सुजुकी शोरूम में सोमवार देर रात आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शोरूम के गोदाम में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
घटना रात करीब 10-11 बजे की बताई जा रही है। शोरूम मालिक मो. आसिफ को जब आग लगने की सूचना मिली तो वह तुरंत मौके पर पहुंचे। शोरूम का शटर खोलकर देखा गया तो गोदाम में आग धधक रही थी। स्थानीय लोगों की मदद से खिड़की के रास्ते पाइप से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया, जिसमें काफी हद तक सफलता मिली।
शोरूम संचालक मो. आसिफ ने बताया कि इस आगजनी की घटना में लगभग 7 से 8 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गोदाम में रखी चार स्कूटी समेत कई महत्वपूर्ण स्पेयर पार्ट्स जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। शोरूम मालिक द्वारा मामले को लेकर पचम्बा थाना में लिखित आवेदन भी दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।












