तिसरी (गिरिडीह): गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड मुख्यालय स्थित चौक पर मंगलवार को एक मामूली सड़क दुर्घटना को लेकर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब डिलीवरी मरीज को लेने जा रही 108 एंबुलेंस को कुछ लोगों ने बीच सड़क पर रोक दिया। करीब 20 मिनट तक एंबुलेंस को रोके रखने के कारण आपातकालीन सेवा प्रभावित हुई। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ और एंबुलेंस को रवाना किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांवा थाना क्षेत्र के नगवां गांव से कुछ लोग कार में सवार होकर मिर्जागंज स्थित सूर्य मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान तिसरी चौक पर विपरीत दिशा से गुजर रही 108 एंबुलेंस उनकी कार से हल्के रूप में सट गई, जिससे कार पर मामूली स्क्रेच आ गया।
कार में सवार लोगों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए एंबुलेंस को बीच सड़क पर रोक लिया। एंबुलेंस कर्मियों ने कई बार समझाया कि वे एक गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए आपातकालीन सेवा के तहत जा रहे हैं, लेकिन कार सवार लोग नुकसान की भरपाई की मांग पर अड़े रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और राहगीर भी मौके पर पहुंचे तथा कार सवारों को समझाने का प्रयास किया। इसके बावजूद विवाद जारी रहा और करीब 20 मिनट तक एंबुलेंस सड़क पर खड़ी रही।
बाद में तिसरी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। पुलिस ने कार चालक और एंबुलेंस चालक का मोबाइल नंबर लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया तथा एंबुलेंस को तत्काल अपने गंतव्य के लिए रवाना कराया।
पुलिस ने एंबुलेंस को रोकने वाले लोगों को फटकार लगाते हुए कहा कि मरीज को अस्पताल पहुंचाना प्राथमिकता है और उसके बाद नुकसान की भरपाई को लेकर कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। पुलिस की पहल के बाद मामला शांत हो गया।











