जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम की कार्रवाई, अवैध पार्किंग और सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचे हटाए गए
गिरिडीह में अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़क किनारे से हटाए गए ठेले-खोमचे
गिरिडीह: शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को देखते हुए नगर निगम ने मंगलवार को बड़ा चौक से गांधी चौक तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे लगाए गए ठेले-खोमचे हटाए गए, अवैध रूप से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई तथा सड़क पर फैले कूड़े-कचरे की भी सफाई कराई गई। अभियान के दौरान कई वाहनों का चालान भी काटा गया।
नगर निगम की टीम के साथ पुलिस बल और ट्रैफिक पुलिस भी मौजूद रही। जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। प्रशासन की निगरानी में कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की गई।
फुटपाथी दुकानदारों ने जताया विरोध
नगर निगम की इस कार्रवाई का फुटपाथी दुकानदारों ने विरोध किया। दुकानदारों का कहना था कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें हटाया जा रहा है, जिससे उनके सामने रोजगार और आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
दुकानदार शक्ति प्रसाद साहा समेत अन्य लोगों ने कहा कि निगम पहले उनके लिए उचित स्थान उपलब्ध कराए, उसके बाद वे वहां दुकान लगाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब दुकानदारों की आजीविका की अनदेखी करते हुए कार्रवाई की जा रही है।
पुनर्वास के लिए हटिया परिसर जाने का निर्देश
अभियान के दौरान कुछ समय के लिए हंगामे की स्थिति भी बनी रही, लेकिन नगर निगम की टीम ने कार्रवाई जारी रखी। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि फल एवं सब्जी विक्रेताओं सहित अन्य फुटपाथी दुकानदारों को हटिया बाजार स्थित हटिया परिसर में दुकान लगाने का निर्देश दिया गया है। हालांकि अधिकांश दुकानदार वहां जाने के लिए तैयार नहीं हैं।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
नगर निगम के सिटी मैनेजर मंजूर आलम ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया है। लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों के कारण शहर में जाम की समस्या बढ़ रही है और आम लोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही फुटपाथी दुकानदारों से हटिया परिसर में दुकान लगाने की अपील की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











