मुहर्रम पर्व को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव के नेतृत्व में शनिवार को 3 बजे से बड़ा चौक से शहरी क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया गया। मौके पर पुलिस अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, ट्रैफिक डीएसपी, थाना प्रभारी, मुफस्सिल, थाना प्रभारी, पचंबा, थाना प्रभारी, टाऊन थाना समेत अन्य संबंधित अधिकारी, पुलिस कर्मी उपस्थित थे।इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि मुहर्रम पर्व के मद्देनजर विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था संधारण के साथ-साथ अन्य आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

पर्व के निमित्त बेहतर समन्वय, सद्भाव, आपसी सौहार्द के साथ जिला प्रशासन व अन्य समुदाय के लोगों के साथ मिलकर शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। पर्व को लेकर जिला स्तर, अनुमंडल स्तर, ब्लॉक स्तर तथा थाना स्तर पर शांति समिति के सदस्यों और समाज के प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बैठक कर लिया गया है। बैठक के माध्यम से आमजनों से आह्वान किया गया है कि पर्व की गरिमा के साथ मुहर्रम पर्व मनाएं। इसके साथ ही पर्व को लेकर सभी व्यवस्थाओं और तैयारियों को लगभग पूर्ण कर लिया गया है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और तैयार है। सुरक्षा के कड़े इंतेज़ाम किए गए हैं। रूट मार्ग का ड्रोन, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के माध्यम से निगरानी किया जाएगा। सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से भी जिला प्रशासन नजर बनाए हुए है। इसके साथ ही आवश्यक स्थलों पर बैरिकेडिंग भी किया गया है।

मौके पर पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार ने कहा कि जिलेवासियों के सामूहिक भागीदारी से पर्व में शांति व्यवस्था कायम रहेगी। विधि व्यवस्था संधारण में प्रशासन को मदद मिलेगी। शांति और भाईचारा जिले की पहचान है। मुहर्रम पर्व के मद्देनजर जिले में सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जुलूस मार्ग एवं अन्य चिन्हित स्थानों पर सीसीटीवी से भी नजर रखी जा रही है। उपद्रवी एवं असमाजिक तत्वों पर प्रशासन की टीम पूरी सख्ती बरतेगी।