गिरिडीह: कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद यादव के आवासीय कार्यालय पर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के पदाधिकारी,पूर्व अध्यक्ष,मोर्चा जिला अध्यक्ष, कार्यकारिणी सदस्य समेत तमाम नेता उपस्थित थे। इस दौरान 12 जुलाई को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देवघर आगमन को लेकर विचार विमर्श किया गया। बैठक के दौरान गिरिडीह से कैसे अधिक से अधिक लोग देवघर पहुंचे इसको लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस बाबत भाजपा जिला अध्यक्ष महादेव दुबे ने बताया कि आदरणीय नरेंद्र मोदी ने झारखंड राज्य में एम्स और एयरपोर्ट बनवाने का जो काम किए है वह गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर गिरिडीह से अधिक से अधिक संख्या में लोग कैसे देवघर पहुंचे उसको लेकर भाजपा की ओर से पूरी तैयारी की जा रही है। कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव ने बताया कि झारखंड वासियों को उपहार के तौर पर केंद्र सरकार ने एम्स और एयरपोर्ट देने का काम किया है। कई राज्यों के लोग इलाज के लिए दिल्ली के एम्स जाते थे। लेकिन अब देवघर के देवीपुर आकर अपना इलाज करा रहे हैं। इसी तरह झारखंड राज्य में एकमात्र एयरपोर्ट रांची में होने के कारण सबसे पहले लोगों को रांची जाना पड़ता था। लेकिन अब देवघर में एयरपोर्ट बंद कर तैयार हो चुका है। 12 जुलाई को प्रधानमंत्री के हाथों उद्घाटन किया जाएगा। मौके पर प्रभारी महापौर प्रकाश राम,प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुरेश साव,किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा,महा मंत्री सुभाष सिन्हा,अशोक उपाध्याय, मुकेश जालान ,विनय सिंह नवीन सिन्हा,यदुनंदन पाठक, सुरेंद्र बर्मन,आदि मौजूद थे।