नगर निगम के टुंडी रोड स्थित अवैध टोल टैक्स में कार्यरत लोगों ने शुक्रवार शाम में खबर बना रहे एक पत्रकार पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना को लेकर शाम 7 बजे मुफ्फसिल थाना में मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार भी किया है। घटना के बाद घायल पत्रकार अमरनाथ सिन्हा को सदर अस्पताल लाया गया। जहां उसका इलाज चला। इस बाबत अमरनाथ सिन्हा ने बताया कि हाई कोर्ट के आदेश से टोल टैक्स से टैक्स की वसूली पर रोक लगा दी गई है।

इसके बाद भी अवैध तरीके से टोल टैक्स में पैसे की वसूली की जा रही थी। वहीं टोल टैक्स के कर्मी कुछ लोगों के साथ गुंडागर्दी कर रहे थे। इसी खबर को कवर करने के लिए ये पहुंचे थे। जिसके बाद टोल टैक्स में कार्यरत कर्मियों ने इन पर हमला कर दिया। वही एक भुक्तभोगी ने भी कहा कि पैसे वसूली में गुंडागर्दी हो रही थी। इधर मामले की सूचना मिलते ही मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू भी सदर अस्पताल में पत्रकार से मिलने पहुंचे और कहा कि किसी भी हाल में दोषियों को माफ नहीं जाएगा।