गिरिडीह मुस्लिम एकता मंच की ओर से किए गए बंदी का जोरदार असर शुक्रवार को गिरिडीह शहरी क्षेत्र में देखने को मिला।इस दौरान बड़ा चौक रोड से लगा मुस्लिम बाजार का इलाका पूरी तरह से बंद रहा।बताया गया कि नूपुर शर्मा द्वारा दिए गए विवादित बयान को लेकर मुस्लिम एकता मंच ने शहर के सभी प्रतिष्ठानों को बंद रखने का ऐलान किया था। जिसका असर पूरी तरह से देखने को मिला। शहर के मौलाना आजाद व उसके आसपास के सभी दुकान बंद देखने को मिली।इस बाबत मुस्लिम एकता मंच के सदस्यों ने बताया कि नूपुर शर्मा के द्वारा नबी की शान में गुस्ताखी के खिलाफ बंदी बुलाई गई है। नूपुर शर्मा ने बहुत ही विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा कि हम हिंदुस्तान की सरकार से मांग करते हैं कि नूपुर शर्मा को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। हमारे नबी हम सारे मुसलमानों के लिए ईमान है। सरकार यदि नूपुर शर्मा की सजा में तनिक भी कोताही बरतेगी तो पूरे मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। इधर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नगर थाना प्रभारी रामनारायण चौधरी के नेतृत्व में जगह जगह और चौक चौराहों पर भारी मात्रा में जवानों की तैनाती की गई थी। मुस्लिम बाजार के इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।












