सिरसिया स्थित बीएनएस डीएवी पब्लिक स्कूल की छात्र नाजिया परवीन ने UPSC द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा-23 में ऑल इंडिया रैंकिंग में 670 वीं रैंक प्राप्त किया।बुधवार को विद्यालय परिवार ने इस पर खुशी जाहिर की।बताया गया कि छात्रा ने देश स्तर पर विद्यालय एवं जिले का राम नाम रोशन किया।
बताया गया कि गिरिडीह व्यसायी मो. सरफूद्दीन और अख्तरी नाज की पुत्री नाजिया परवीन गिरिडीह के भंडारीडीह मोहल्ले की मूल निवासी हैं। उनकी एलकेजी से लेकर दसवीं तक की शिक्षा दीक्षा बीएनएस डीएवी पब्लिक स्कूल से हुई है।
बचपन से ही नाजिया कुशाग्रबुद्धि वाली होनहार छात्रा रही। दसवीं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2013 में नाजिया ने 94% अंक हासिल किया। इसके पश्चात अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से वाणिज्य विषय में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की।
नाजिया जुझारू प्रवृत्ति की छात्रा है। पहले तीन प्रयासों में असफल होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और चौथे प्रयास में उन्होंने अपने सपने को साकार किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता एवं गुरुजनों के कुशल मार्गदर्शन को दिया। और बताया कि लोगों को अपना लक्ष्य निर्धारित कर सुनियोजित ढंग से कठिन परिश्रम करना चाहिए। अपने मनोबल को लूज नहीं करना चाहिए। समसामयिक जानकारी के लिए समाचार पत्र को पढ़ते रहना चाहिए साथ ही संपादकीय वाले कॉलम को अवश्य पढ़ें। विशेषकर लड़कियों के विषय में बताया कि पेरेंट्स को उन पर विश्वास करना चाहिए और उन्हें अवसर देने के साथ साथ निरंतर उत्साहित करते रहना चाहिए जैसा कि मेरे पेरेंट्स ने मेरे साथ किया।
क्षेत्रीय निदेशक डॉ पी हाजरा ने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा में सफल नाजिया परवीन को बधाई दी और कहा कि यह देश की सर्वोच्च परीक्षा है। जिसमें सफल हो पाना बड़ा ही कठिन कार्य है। पर नाजिया ने इसमें सफलता हासिल की मैं उसके उज्जवल भविष्य की कामना करता हूं और ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह निरंतर आगे बढ़ती रहे।