भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव ने अपने आवास पर प्रेस वार्ता आयोजित कर हेमंत सोरेन के कार्यकाल में खत्म हो रहें कानून व्यवस्था पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि
जब से राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार आई है तब से हजारों निर्दोष भाजपा कार्यकर्ता एवं नेताओं के साथ मारपीट और झूठे मुक़दमे में फंसाया गया है। कई बार तो राज्य की पुलिस मूकदर्शक बनी रहती हैं। राज्य की प्रशासन कठपुतली बनकर जनता की सेवा छोड़ अन्यान्य कार्य कर रही है। उन्होंने हाल ही में तेलोडीह में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यहाँ के स्थानीय विधायक के इशारे पर मेरा नाम घसीटने का प्रयास किया गया है जो निराधार है। गिरिडीह की जनता जानती है कि तेलोडीह प्रकरण से मेरा कोई सरोकार नहीं है। यह घटना जिस दिन हुई उस दिन में अपने निजी आवास पर हवन-पूजन कर रहा था। उन्होंने कहा कि जब से गिरिडीह के विधायक ने अपना कार्यभार संभाले है गिरिडीह की जनता अमन-चैन से नहीं रह पाई है। आये दिन दो समुदायों के बीच विवाद होता रहा है। गिरिडीह में लूट-खसोट मचा हुआ है, चाहे मामला जमीन का हो या सरकारी संपत्ति का। सरकारी खजाने तक को लुटवा दिया गया है। इन्हीं मुद्दों एवं इनके काले कारनामों को मैं लगातार जनता के बीच रखता रहा हूँ। उन्होंने कहा कि तेलोडीह की घटना में मेरा नाम जबरन जिक्र किया गया है। पुलिस प्रशासन से इस घटना को लेकर मांग करते हुए कहा कि उक्त प्रकरण की जाँच निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा से किया जाए। स्थानीय विधायक के दबाव में आकर कोई ऐसा कार्य ना करें जिससे जनता का विश्वास पुलिस प्रशासन पर से उठ जाए अथवा पुलिस प्रशासन की छवि धूमिल हो और जनता के बीच आक्रोश फैले। प्रेस वार्ता में सुनील पासवान, नवीन सिन्हा, मनोज मौर्या, राजेश जयसवाल, मनोज संघई, श्रीकांत शर्मा, रविन्द्र मंडल, सुनील रजक समेत कई भाजपा नेता उपस्थित थे।