सिविल कोर्ट में शनिवार को डालसा की ओर से राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।इस लोक अदालत का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीणा मिश्रा, प्रधान न्यायाधीश, कुटुंब न्यायालय, अरविंद कुमार पांडेय, अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ प्रकाश सहाय एवं सचिव,जिला विधिक सेवा प्राधिकार सौरव कुमार गौतम के कर कमलों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि आमजन एवं पक्षकारों को लाभ प्रदान करने हेतु नालसा, नई दिल्ली के निर्देश पर पूरे देश में आज के दिन राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।बताया कि झालसा, रांची के द्वारा झारखंड राज्य के सभी न्यायालयों में लंबित एवं प्री लिटिगेशन मामलों का निष्पादन इस राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से किया जा रहा है। इस प्रकार के आयोजनों से पक्षकारों को अपने मामलों में त्वरित निष्पादन का लाभ तो मिलता ही है साथ ही साथ न्यायालय का बोझ भी कम होता है।
बताया गया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 11 पीठों का गठन किया गया है, जिसमें सभी पीठों के पीठासीन पदाधिकारियों ने आज इस राष्ट्रीय लोक अदालत के दिन अपने-अपने पीठों में आवंटित मामलों को निष्पादित किया।
बतलाया गया कि आज इस राष्ट्रीय लोक अदालत में अभी तक प्री लिटिगेशन एवं लंबित कुल *1909* मामलों का निष्पादन करवाया गया, जिसमें *91 लाख 98 हजार रुपए* की राशि संबंधित पक्षकारों को तथा राजस्व के रूप में विभिन्न विभागों को प्राप्त हुआ है। इस राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में गिरिडीह न्यायमंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारियों, विद्वान अधिवक्ताओं, विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों, न्यायालय के कर्मचारियों, पारा लीगल वालंटियर्स, मीडिया कर्मीयों सहित पक्षकारों की सराहनीय भूमिका रही।