मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के धनयडीह में सेनादोनी पंचायत के पूर्व सरपंच सह झामुमो नेता उमेश महतो का संदिग्ध परिस्थिति में शव मिलने के बाद उनके शव को रविवार रात 11 बजे सदर अस्पताल लाया गया। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
घटना के बाद मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद एसडीपीओ जितवाहन उराव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ मौक़े पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। घटना के बाबत बताया गया की उमेश महतो सेनादोनी पंचायत के पूर्व सरपंच होने के साथ-साथ, झामुमो के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रहने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़ कर भाग लेते थे।
रविवार को भी वह अपने घर से किसी काम से गांव की तरह गए हुए थे। काफी देर तक जब वह वापस घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरु की। इसी दौरान धनयडीह के एक नवनिर्मित ढोभा के समीप उमेश महतो का शव पाया गया।जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। हालांकि पुलिस किसी तरह परिजन और ग्रामीणों को समझा बूझकर सबको देर रात सदर अस्पताल लाया।