गांडेय के मेदनीपुर गांव का रवि यादव विद्यालय की लापरवाही के कारण 6 फरवरी से आयोजित इंटर की परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएगा।शुक्रवार को रवि ने इसकी जानकारी दी।बताया गया कि छात्र को विद्यालय की ओर से एडमिट कार्ड नहीं मिल पाया है।एडमिट कार्ड नहीं मिलने के कारण छात्र रवि यादव उदास और हताश हैं।
मिली जानकारी के अनुसार रवि यादव कक्षा 9 से प्लस टू उच्च विद्यालय गांडेय में अध्ययनरत हैं। वह शैक्षणिक सत्र 2023-24 में आयोजित इंटर परीक्षा में शामिल होने के लिए 7 दिसंबर को अपना रजिस्ट्रेशन के लिए 1880 रुपये स्कूल में जमा करवाया। जिसका रसीद उक्त छात्र के पास मौजूद है। बताया गया कि रवि यादव शुक्रवार को जब विद्यालय पहुंचा तब उसे विद्यालय के लिपिक नरेश बेसरा के द्धारा जानकारी दी गई की उसका आनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं हो सका। जिसके कारण उसका एडमिट कार्ड नहीं आ सका।
इधर मामले की जानकारी मिलने पर गांडेय प्रमुख राजकुमार पाठक , विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष गौतम पाठक , गांडेय मुखिया प्रतिनिधि मिठ्ठू पाठक,प्रणाम के कार्यकर्ता मनोहर वर्मा , वसीम अख्तर,संचित वर्मा आदि लोग विद्यालय पहुंचे और विद्यालय के लिपिक से मामले की जानकारी लिया। इस बाबत विद्यालय के कर्मी एक दूसरे पर आरोप – प्रत्यारोप करके मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं। लिपिक ने कहा कि सभी छात्र का रजिस्ट्रेशन फार्म आंनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए कम्प्यूटर आपरेटर के पास भेज दिया गया है। जबकि कम्प्यूटर आपरेटर दिनेश वर्मा का कहना है कि जो भी फार्म मेरे पास आया है।सभी का आंनलाइन रजिस्ट्रेशन कर दिया गया है।
गांडेय प्रमुख राजकुमार पाठक ने कहा कि विद्यालय की घोर लापरवाही के कारण एक छात्र का एक साल बर्बाद हो गया है जो बहुत ही निंदनीय घटना है। दोषी शिक्षकों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रमुख ने कहा कि आगामी 12 फरवरी को गांडेय में केन्द्रीय राज्य शिक्षा मंत्री अन्नपूर्णा देवी का कार्यक्रम प्रस्तावित है। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री के समक्ष मामले को रखा जायेगा। साथ ही मंत्री महोदया को विद्यालय का भ्रमण भी करवाया जाएगा।