गिरिडीह शहर के बड़की दुर्गा मंडप यूनियन बैंक के समीप दो युवकों ने एक महिला से करीब आठ लाख की ठगी की है। यह घटना रविवार शाम की है। बता दें की महिला दर्जी मुहल्ला की रहने वाली है। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गयी। घटना के सम्बन्ध में बताया गया की महिला हंसा भरतिया गांधी चौक स्थित अपने बेटे के कपडे दुकान पर गयी थी। और जब वह दुकान से लौट रही थी तभी बड़की दुर्गा मंडप यूनियन बैंक के समीप दो युवकों ने उन्हें रोका और पता पूछने लगे। जब महिला ने कहा की वह नहीं जानती तो दोनों युवक उन्हें रोक कर धार्मिक बातों में उलझाने लगे और परिवार पर बड़ी विपदा आने की बात कहते हुए महिला को अपने झांसे में ले लिया। महिला उनकी बातों में आ गयी और अपने शरीर के सारे आभूषण उतार कर उन युवकों को दे दिया । हंसा भरतिया के बेटे नीलकमल भरतिया ने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी और शिकायत दर्ज करवाई।