शहर के भाभनटोली में श्री श्री 108 महावीर यज्ञ सह शिव परिवार के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। गाजे बाजे के साथ निकली कलश यात्रा में काफी संख्या में महिलाएं और युवतियां माथे पर कलश लेकर शामिल हुई। इस दौरान पुरुष और अन्य वर्ग के लोग भी उत्साह के साथ कलश यात्रा में शामिल हुए। कलश यात्रा शहरी क्षेत्र के विभिन्न मार्गो से होते हुए उसरी नदी पहुंची जहां यज्ञाचार्यों के द्वारा मंत्रो के बीच वरुण देवता समेत अन्य देवी देवता का आह्वान किया गया। इस दौरान पूरा माहौल भक्ति भाव से भरा रहा। यज्ञ आयोजन के संयोजक मनोहर सिंह ने बताया कि वर्ष 1942 में मंदिर का जीर्णोधार हुआ था। आज पुनः सभी के सहयोग से मंदिर का जीर्णोधार कर महावीर महायज्ञ सह शिव परिवार देवताओं का प्राण प्रतिष्ठा होने जा रहा है। बताया कि 29 फरवरी को विभिन्न देवी देवताओं के स्वरूप में शहरी क्षेत्र में भ्रमण निकाली जाएगी। इसमें सभी को शामिल होने का आग्रह किया है। बताया गया की 2 फरवरी को भव्य भंडारे के साथ इस महायज्ञ की समाप्ति की जाएगी।



