गिरिडीह (झारखंड)। जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के दलान चलकरी गांव में मंगलवार देर रात हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया है। घर में सो रहे एक दंपती पर अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी ने इलाज के दौरान धनबाद में दम तोड़ दिया।
घर में घुसकर किया गया हमला
मृतकों की पहचान 45 वर्षीय पतिया हांसदा और 35 वर्षीय उनकी पत्नी परनी मरांडी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों मंगलवार रात अपने घर में सो रहे थे, तभी करीब 12:30 बजे अज्ञात लोग घर में घुसे और उन पर बेरहमी से हमला कर दिया।
हमले की आवाज सुनकर बच्चे जाग गए और चीखने लगे। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो देखा कि दंपती खून से लथपथ पड़े हैं। पति की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल थी।
खाट पर 700 मीटर ले जाना पड़ा घायल महिला को
परिजनों के अनुसार, गांव तक सड़क सुविधा नहीं होने के कारण एंबुलेंस घर तक नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए घायल महिला को लगभग 700 मीटर तक खाट पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां से उन्हें अस्पताल भेजा गया।
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने पतिया हांसदा को मृत घोषित कर दिया, जबकि परनी मरांडी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें धनबाद रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, कारण अब भी रहस्य
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, मधुबन थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।
एसडीपीओ ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी टीम को भी लगाया गया है।
चार बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के अनुसार, दंपती के चार बच्चे हैं—दो बेटा और दो बेटी। घटना के समय कुछ बच्चे छत पर सो रहे थे, जबकि एक बच्चा माता-पिता के साथ नीचे था। एक ही रात में माता-पिता की मौत से बच्चे सदमे में हैं और पूरे गांव में मातम का माहौल है।
ग्रामीणों ने जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है।












