गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत न्यू बरगंडा मोहल्ले में बुधवार सुबह लगभग 9:30 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक तीन मंजिला आवासीय भवन की छत पर लगे सोलर सिस्टम की लीथियम बैट्री में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग लग गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी प्रदीप कुमार ने कुछ ही दिन पहले अपने घर की छत पर सोलर पैनल और लीथियम बैट्री आधारित सोलर सिस्टम स्थापित कराया था। सुबह अचानक बैट्री में विस्फोट होने के बाद धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। धमाके की तेज आवाज सुनकर घर के लोग और आसपास के पड़ोसी घबरा गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए घटना की सूचना दी और खुद भी बाल्टी व अन्य संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। उनकी तत्परता के कारण आग को फैलने से रोक दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
कुछ ही देर बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए पूरी तरह आग पर काबू पा लिया। आग में सोलर सिस्टम की लीथियम बैट्री पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण बैट्री में विस्फोट हुआ होगा। हालांकि दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।











