संपत्ति की लालच में लोग रिश्तों को भूल जाते हैं। ये ऐसी बीमारी है, जिसमें लोग अपनों का खून तक बहा देते हैं। कुछ ऐसा ही हुआ है गिरिडीह में,जहां एक भाई ने दूसरे भाई का कत्ल कर दिया। यह घटना गिरिडीह के जमुआ की है।
दरसल भाइयों के बीच जमीन का मौखिक बंटवारा किया गया। यह बटवारा एक भाई को पसंद नहीं आया और उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर दूसरे भाई पर हमला बोल दिया। हमले में घायल युवक को सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना जमुआ थाना इलाके बाड़ाडीह की है। मृतक इसी गांव का निवासी 40 वर्षीय ताजू अंसारी था। घटना मंगलवार की सुबह उस वक्त घटी जब ताजू शौच के लिए जा रहा था।
घटना को लेकर मृतक के पत्नी गुलशन खातून ने बताया कि वे लोग चार भाई हैं। बड़े भाई ने मौखिक बटवारा किया था। इस बंटवारे के बाद ताजू अपने हिस्से पर दीवार दे रहा था जिसका पहले विरोध किया गया। इस बीच मंगलवार की सुबह जब ताजू शौच जा रहा था तो उस पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस घटना में ताजू गंभीर रूप से घायल हो गया। ताजू को सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद से मृतक के घरवालों का रो रोकर बुरा हाल बना हुआ है। इधर परिजनों ने बताया कि नाराजगी थी तो बैठकर बात हो सकती थी, इस तरह जान ले लेना कहां तक उचित हैं। परिजनों ने हत्यारे को गिरफ्तार करने की भी मांग की हैं। वहीं घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई हैं। पुलिस आरोपी भाई को खोजने में जुटी हैं।