रांची के मोरहाबादी मैदान में 5 जून को आदिवासी मोर्चा द्वारा आयोजित होने वाले भगवान बिरसा मुंडा महारैली की तैयारी को लेकर तिसरी में बुधवार को पूर्व मुख्य मंत्री बाबूलाल मरांडी के अनुज सह भाजपा नेता नुनूलाल मरांडी ने आदिवासी मोर्चा के लोगों के साथ बैठक की। इस दौरान बिरसा मुंडा महारैली की तैयारी को लेकर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। साथ ही उक्त रैली को सफल बनाने पर बल दिया गया। बैठक में महारैली को लेकर पूरे क्षेत्र में जोर शोर से प्रचार-प्रसार करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को रांची ले जाने का निर्णय लिया गया। इसके लिए आदिवासी मोर्चा के लोगों की अलग-अलग टीम गठित की गई। टीम में शामिल लोग गांव-गांव में जाकर लोगों को रांची जाकर महारैली में भाग लेने के लिए प्रेरित करेंगे। नुनूलाल मरांडी ने कहा कि 5 जून को आदिवासी मोर्चा के तत्वाधान में रांची मोरहाबादी मैदान में भगवान बिरसामुंडा महारैली का आयोजन किया जाना है। उक्त रैली में पूरे राज्य से एक लाख से अधिक लोगों को ले जाने की तैयारी की जा रही है। केन्द्री मंत्री जेपी नड्डा उक्त रैली को सम्बोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि आदिवासी मोर्चा के लोग रांची में आयोजित होने वाले रैली में जाने के लिए काफी उत्सुक हैं। राज्य के अनुसूचित जाति के लोगों को साफ समझ में आ गया है कि भाजपा ही इनके सच्चे शुभचिंतक हैं। झामुमो ने वर्षों से आदिवासियों को छलने और मूर्ख बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाली महारैली ऐतिहासिक होगी। अनासियस हेम्ब्रम,गॉडविन मरांडी,सोनू हेम्ब्रम,तिलका हांसदा,जागो मुर्मू,छोटन मरांडी,श्यामवेल हेम्ब्रम,मोती मरांडी सरीखे लोग बैठक में उपस्थित थें।