गावां प्रखंड 20 सूत्री कमेटी ने शनिवार को ग्रामीणों के शिकायत पर 20 सूत्री अध्यक्ष अजय सिंह के नेतृत्व में एफसीआई अनाज गोदाम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 20 सूत्री कमेटी के सदस्यों ने अनाज वितरण से संबंधित गोदाम प्रबंधक से मार्च माह का पूरा आवंटन सूची मांगा गया। इसपर गोदाम प्रबंधक ने सोमवार तक आवंटन सूची देने की बात कही। कहा कि यहां पर कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर परीक्षा में चला गया है, जिसके कारण एसआईओ से लेकर आवंटन की सूची नहीं दिखाया जा सका है। सारा डाटा उनके पास ही है। इसपर 20 सूत्री अध्यक्ष ने नाराजगी जाहिर करते हुए निरीक्षण के दौरान ही दिखाने की बात कही। बाद में उन्होंने अनाज गोदाम के अंदर चारो ओर निरीक्षण किया जहां गंदगी का अंबार पाया गया। निरीक्षण के दौरान गोदाम में कुछ नमक और चना सड़ा हुआ मिला। वहीं सितंबर और अक्टूबर माह का चीनी भी स्टॉक पाया गया। चीनी ज्यादा दिन से स्टॉक रहने के कारण उसका बोरा भी फट गया था। इसपर एजीएम ने एसआईओ नहीं बनने के कारण डीलरों तक चीनी नहीं पहुंचने की बात बताई। 20 सूत्री अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि ग्रामीणों के लगातार शिकायत के बाद शनिवार को 20 सूत्री कमेटी के सदस्यों द्वारा अनाज गोदाम का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान गोदाम प्रबंधक से मार्च माह का पूरा अनाज आवंटन का सूची और डीलरों को दिए गए अनाज का एसआईओ मांगा गया है। लेकिन एजीएम ने दिखाने से साफ इनकार कर दिया है। इससे साफ जाहिर हो रहा है कि सितंबर माह की तरह मार्च माह में भी अनाज का घोटाला हुआ है। जिसकी गहनता से जांच के लिए वरीय अधिकारियों को पत्र लिखा जा रहा है। इधर कांग्रेस अल्पसंख्यक सचिव सह 20 सूत्री सदस्य मरगूब आलम ने कहा कि गोदाम में 2016 से नमक सड़ रहा है। जिसे देखने वाला कोई नहीं है। निरीक्षण के दौरान गोदाम में गंदगी का भारी अंबार पाया गया है। गोदाम देखरेख के लिए गोदाम प्रबंधक को विशेष ध्यान देना चाहिए।