Giridih News: नगर विकास एवं आवास विभाग मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने शनिवार को 12 बजे नगर निगम क्षेत्र के झिंझरी मोहल्ला में “सिद्धू-कान्हों सह सावित्रीबाई फुले पुस्तकालय” का शुभारंभ फीता काटकर किया। इसके पहले उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने बुके देकर मंत्री का स्वागत किया। उद्घाटन के पश्चात मंत्री ने पुस्तकालय भवन का बारीकी से निरीक्षण किया। उपलब्ध किताबों को भी देखा ओर बच्चों से किताब की जरूरत पर बातचीत की। उपस्थित छात्र-छात्राओं से उनकी तैयारियों के बारे में जाना और आवश्यक सुझाव दिए। मौके पर प्रेस को संबोधित करते हुए मंत्री श्री सोनू ने कहा कि इस पुस्तकालय को आधुनिक सुविधायुक्त पुस्तकालय के रूप में विकसित किया जायेगा।

इस पुस्तकालय में हर एक प्रकार की प्रतियोगिता परीक्षा की पुस्तकों सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेगी। यहां विभिन्न विषय की पुस्तके मौजूद है। जो किसी भी प्रकार के प्रतियोगिता परीक्षा के लिए सहायक सिद्ध होगी। कहा कि यहां छात्र-छात्राओं को बैठने की व्यवस्था और सभी प्रकार की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि गर्व की बात है कि इतने हाईटेक सुविधाओं से लैस पुस्तकालय का निर्माण किया गया है, जिसमें बच्चें बिना किसी संकोच के आकर अपनी पढ़ाई एक शांत वातावरण में कर सकेंगे। मौके पर उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।