गिरिडीह में गोवंश का अवैध कारोबार को लेकर शनिवार को मुफ्फसिल थाना पुलिस जांच पड़ताल में जुटी रही।असल में शुक्रवार की देर रात जीतपुर के कोठवा पहाड़ी जंगल में कुछ लोगों ने गोवंश की हत्या कर जंगल में उसे खाया। इसकी भनक जीतपुर के मुखिया बीरबल मंडल और वार्ड सदस्य सुभाष वर्मा के साथ नरेश वर्मा और राजेश वर्मा समेत कई ग्रामीणों को मिलने के बाद सभी कोठ्वा पहाड़ी इलाके में पहुंचे, लेकिन इनके पहुंचते ही गोमांस बनाकर खा रहे कई लोग मौके से फरार होने में सफल रहे। हालांकि भागने के क्रम में एक आरोपी की बाइक वहीं छूट गई।मौके पर मांस के कुछ अवशेष भी मिले।
इस दौरान मुखिया ने घटना की जानकारी मुफ्फसिल थाना पुलिस को दी। जिसके बाद थाना के एएसआई रंजन सिंह पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल काफी लेट से पहुंचे।इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश दिखा। मौके पर पुलिस ने घटनास्थल से गोवंश के कुछ अवशेष को जप्त किया। इधर स्थानीय ग्रामीणों की माने तो जीतपुर के रास्ते कोठवापहड़ी इलाके के जंगल में गोवंश की तस्करी खुले आम हो रहा है।












