ब्रिटिश महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन पर आज भारत में राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। महारानी के सम्मान में लाल किले से लेकर राष्ट्रपति भवन तक में तिरंगे को आधा झुकाया गया। वहीं महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का राजकीय अंतिम संस्कार लंदन के वेस्टमिंस्टर एबे में 19 सितंबर को 11 बजे होगा। स्कॉटलैंड स्थित बालमोरल किले से उनके पार्थिव शरीर को रविवार को एडिनबर्ग के पैलेस ऑफ होलीरूड हाउस ले जाया जाएगा। बता दें की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के बेटे और उनके उत्तराधिकारी राजा चार्ल्स तृतीय ब्रिटेन के नए सम्राट बन गए। शनिवार सुबह लंदन में बकिंघम पैलेस के पास सेंट जेम्स महल में हुए आधिकारिक समारोह में उन्होंने तमाम शाही प्रक्रिया और औपचारिकताएं पूरी करते हुए राजगद्दी संभाली।