झारखंड सरकार ने दिवाली और छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए ‘मंईयां योजना’ के लाभार्थियों के लिए 15वीं किस्त का वितरण शुरू कर दिया है। योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी लाभुक महिलाएं त्योहारों को खुशी और आराम से मना सकें।
पहले चरण में रांची, धनबाद, देवघर, बोकारो, जमशेदपुर, लोहरदगा, गुमला, जामताड़ा, सिमडेगा, चतरा, पाकुड़ और गढ़वा के महिलाओं के खातों में 2,500 रुपये की राशि भेजी जा चुकी है। इन जिलों में लाभार्थियों के आवेदन और दस्तावेज़ का सत्यापन पहले ही पूरा किया गया था, जिससे राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जा सकी।
आज, रामगढ़, हजारीबाग, साहिबगंज, पलामू, सरायकेला और गिरिडीह समेत अन्य जिलों की महिलाओं के खातों में भी किस्त की राशि भेजी जा रही है। वहीं, जिन महिलाओं को पिछली 14वीं किस्त नहीं मिली थी, उन्हें इस महीने दो महीनों की राशि यानी 5,000 रुपये एक साथ प्राप्त होंगे। अन्य सभी लाभार्थियों को नियमित 2,500 रुपये की राशि जारी की जाएगी, जिससे सभी को त्योहारों पर वित्तीय राहत मिल सके।












