76वे गणतंत्र दिवस के अवसर पर रविवार को 9 बजे झंडा मैदान में सूबे के नगर विकास विभाग मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने झंडोतोलन किया। यहां जिला प्रशासन का मुख्य कार्यक्रम आयोजित था। आन- बान और शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को फहराया गया और राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी गई। इसके पहले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का स्वागत जिला प्रशासन की ओर से किया गया। इसके बाद खुले जीप में सवार होकर मंत्री श्री सोनू, उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस कप्तान डॉ विमल कुमार ने परेड का निरीक्षण किया। यहां जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल, होम गार्ड जवान, सीआरपीएफ और एनसीसी कैडेटों के अलावा विभिन्न स्कूली बच्चों ने शानदार परेड का प्रदर्शन किया।

मौके पर कस्तूरबा सर जेसी बोस बालिका विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक बैंड के साथ परेड का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। झंडोतोलन के बाद मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने जिले के विभिन्न विभागों के उपलब्धियां का जिक्र किया ओर झारखंड को विकसित बनाने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों से लोगों को अवगत कराया। इस मौके पर विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा झांकियां भी निकाली गई थी। अंत में बेहतर प्रदर्शन करने वाले झांकी और परेड प्लाटून को मंत्री के हाथों सम्मानित किया गया। मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह, एसडीओ श्रीकांत यशवंत विष्पुते, AC विजय सिंह बिरुवा, डीपीआरओ,DYSP, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी समेत सभी विभाग के अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
