गिरिडीह नगर निगम में मंगलवार को ऐसा सीन देखने को मिला, मानो किसी फिल्म का सख्त लेकिन जमीन से जुड़ा अधिकारी अचानक एंट्री मार चुका हो। नए नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ बिना किसी सूचना और तामझाम के सीधे नगर निगम कार्यालय पहुंच गए और देखते ही देखते पूरे निगम परिसर में हलचल मच गई।
नगर आयुक्त ने किसी बड़े अधिकारी की तरह कुर्सी पर बैठकर नहीं, बल्कि परिसर के चबूतरे पर बैठकर सफाई व्यवस्था और कर्मियों की कार्यशैली का जायजा लिया। अचानक हुए इस निरीक्षण से निगम कर्मियों में हड़कंप मच गया। सबसे पहले उन्होंने सफाई कर्मियों की उपस्थिति पंजी देखी और चल रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ संदेश देते हुए कहा कि शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाना और गिरिडीह को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
19 जून 2026 को नगर आयुक्त का पदभार संभालने वाले बिजय सिंह बिरुआ पहले लगभग दो वर्षों तक गिरिडीह में अपर समाहर्ता के पद पर रह चुके हैं, इसलिए जिले की परिस्थितियों से वे भलीभांति परिचित हैं।
करीब दो घंटे तक निगम परिसर में मौजूद रहे नगर आयुक्त जमीन पर बैठकर आम नागरिकों और सफाई कर्मियों की समस्याएं भी सुनते रहे। उनकी सादगी और सक्रिय कार्यशैली अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है, और लोग कह रहे हैं— “साहब की एंट्री तो बिल्कुल फिल्मी है, लेकिन काम असली वाला है।






