बदडीहा गांव के समीप हुआ हादसा, दोनों बाइक क्षतिग्रस्त; पुलिस जांच में जुटी
गिरिडीह। जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जागंज–बेंगाबाद मुख्य मार्ग पर बदडीहा गांव के समीप बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए मुख्य सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपाची बाइक पर सवार तीन युवक जमुआ से मधुपुर की ओर जा रहे थे, जबकि होंडा बाइक पर सवार बदडीहा गांव का एक युवक मिर्जागंज की ओर जा रहा था। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि अपाची बाइक पर सवार तीनों युवक उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजे गए घायल
घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जमुआ भेजा गया। दुर्घटना में दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर थाना भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस की तत्परता से कुछ ही देर में सड़क पर यातायात सामान्य कर दिया गया।











