बिहार के जंगल से मिला जमुआ के युवक नीरज हाजरा का श,व
गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत भीखोडीह गांव निवासी नीरज हाजरा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। लापता होने के तीन दिन बाद बिहार के जमुई जिले के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के जंगल से उनका शव बरामद किया गया। शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
शनिवार को परिजनों एवं ग्रामीणों ने चित्तरडीह-जमुआ मुख्य मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया और हत्या की निष्पक्ष जांच, दोषियों को फांसी की सजा तथा मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
राजस्थान से लौटने के बाद अचानक लापता हो गया था नीरज
परिजनों के अनुसार, नीरज हाजरा राजस्थान में मजदूरी का कार्य करता था। 4 जुलाई 2026 को वह अपने घर लौट रहा था और जमुआ पहुंचने के बाद उसके होने वाले बड़े साढ़ू सुभाष पासवान का फोन आया। इसके बाद नीरज अपने पिता को घर भेजकर सुभाष के साथ चला गया।
जब देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर 5 जुलाई को नीरज के पिता सुभाष हाजरा ने जमुआ थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
मोबाइल सूचना से हुई श,व की पहचान
7 जुलाई को परिजनों को मोबाइल के माध्यम से सूचना मिली कि बिहार के जमुई जिले के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के जंगल में मिले शव की पहचान नीरज हाजरा के रूप में हुई है।
पोस्टमार्टम के बाद 10 जुलाई को शव गांव पहुंचा, जिसके बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
सड़क जाम कर परिजनों ने उठाई न्याय की मांग
11 जुलाई को आक्रोशित ग्रामीणों ने चित्तरडीह-जमुआ मुख्य मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि नीरज की हत्या सुनियोजित साजिश के तहत की गई है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
सड़क जाम की सूचना मिलने पर खोरीमहुआ अनुमंडल पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।

पुलिस जांच में प्रेम प्रसंग बना ह,त्या की वजह
शादी से पहले रची गई थी हत्या की साजिश
मामले का खुलासा करते हुए खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, जिस युवती से नीरज हाजरा की शादी तय हुई थी, उसका नीरज के होने वाले साढ़ू सुभाष पासवान के साथ पिछले करीब ढाई वर्षों से प्रेम संबंध था। पुलिस का कहना है कि इसी रिश्ते में बाधा बनने की आशंका के चलते नीरज की हत्या की साजिश रची गई।
हालांकि, यह पुलिस जांच के आधार पर सामने आया प्रारंभिक निष्कर्ष है और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत की तैयारी
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

जनप्रतिनिधियों ने भी की निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदर्शन के दौरान जमुआ विधानसभा के पूर्व विधायक केदार हाजरा, भाजपा नेता कामेश्वर पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।











