गिरिडीह: गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के नवडीह ओपी अंतर्गत सियाटांड़ पंचायत सचिवालय के समीप मंगलवार रात एक बड़ा हादसा टल गया। डस्ट लदे एक हाइवा में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे देखते ही देखते पूरा वाहन आग की चपेट में आ गया और जलकर राख हो गया। हालांकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार घटना सियाटांड़ स्थित भारत पेट्रोल पंप के बगल वाली सड़क की है, जो गिरिडीह-बेंगाबाद मुख्य मार्ग को जोड़ती है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डस्ट लोड कर हाइवा बेंगाबाद की ओर से आ रहा था। इसी दौरान वाहन के पिछले टायर में अचानक आग लग गई। चालक को जैसे ही इसकी भनक लगी, उसने तुरंत वाहन रोककर सुरक्षित स्थान पर शरण ले ली।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे हाइवा को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धूकर जलने लगा। ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल के समीप तालाब मौजूद होने के बावजूद आग इतनी तेजी से फैली कि प्रारंभिक स्तर पर भी उसे बुझाना संभव नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में चलने वाले कई हाइवा वाहनों के ओवरलोड और तेज रफ्तार में परिचालन पर भी सवाल उठाए। उनका अनुमान है कि अत्यधिक दबाव और तेज गति के कारण टायर गर्म होकर आग लगने की घटना हुई होगी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। आग की भयावहता के कारण हाइवा पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में चालक सुरक्षित है और किसी अन्य प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने और आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।












