गिरिडीह, झारखंड: गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र स्थित चौराही में एक पिकअप वैन मालिक एवं चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बजटो पंचायत के टाटोक्यारी निवासी रामू दास के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि रामू दास को उसकी ही पिकअप वैन से कुचलकर मार डाला गया। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
डीजे ले जाने के लिए हुई थी वाहन की बुकिंग
परिजनों के अनुसार, रामू दास अपनी पिकअप वैन किराये पर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। आरोप है कि तीन युवकों ने डीजे ले जाने के लिए उसकी गाड़ी बुक की थी। बुकिंग पर जाने के बाद वह देर रात तक घर नहीं लौटा। इसी बीच परिजनों को सूचना मिली कि चौराही इलाके में रामू दास का शव पड़ा हुआ है।
मौके पर पहुंचने के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि उसकी मौत सड़क दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या का परिणाम है और आरोपितों ने उसे उसकी ही गाड़ी से कुचल दिया।
शराब पार्टी के बाद हुई संदिग्ध मौत
ग्रामीणों और मृतक के परिजनों का कहना है कि घटना से पहले रामू दास तीन युवकों के साथ मौजूद था। बजटो के पूर्व मुखिया जनार्दन साव और ग्रामीण घनश्याम के अनुसार, चारों लोग चौराही में बैठकर शराब पी रहे थे। इसके कुछ समय बाद रामू दास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किसी विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी गई।
पुलिस ने दो संदिग्धों को लिया हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव और मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, स्थानीय लोगों से पूछताछ की और संबंधित पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने नामजद तीन आरोपितों में से दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने बताया कि रामू दास की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि घटना से पहले मृतक समेत चार लोग चौराही में रुके थे और नशे का सेवन किया था। पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हत्या और दुर्घटना, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।











