गिरिडीह: गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पाण्डेयडीह भंडारो मोड़ के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार सब्जी विक्रेता की मौ,त हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गिरिडीह-कोडरमा मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से मुआवजा तथा दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार, बरवाडीह निवासी 60 वर्षीय मोहम्मद असगर अंसारी रोज की तरह सुबह साइकिल से सब्जी बेचने के लिए घर से निकले थे। जैसे ही वे पाण्डेयडीह भंडारो मोड़ के समीप पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहम्मद असगर अंसारी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल इलाज के लिए जमुआ अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर और आसपास के इलाके में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहम्मद असगर अंसारी मेहनत-मजदूरी कर साइकिल से सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने गिरिडीह-कोडरमा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और फरार वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद काफी देर बाद जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले की जांच जारी है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।












