गिरिडीह। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा की घोषणा की है। हावड़ा और खातीपुरा (जयपुर) के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा। खास बात यह है कि ट्रेन का ठहराव न्यू गिरिडीह स्टेशन पर भी होगा, जिससे गिरिडीह और आसपास के यात्रियों को त्योहारों के दौरान आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
अक्टूबर से नवंबर तक चलेगी हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 03007/03008 हावड़ा-खातीपुरा-हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल का परिचालन अक्टूबर से नवंबर के बीच किया जाएगा। हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल 11 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक कुल आठ फेरे लगाएगी।
रविवार रात हावड़ा से होगी रवाना
ट्रेन संख्या 03007 प्रत्येक रविवार रात 11:55 बजे हावड़ा से रवाना होगी और मंगलवार सुबह 11:30 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 03008 प्रत्येक मंगलवार शाम 6:30 बजे खातीपुरा से चलेगी और गुरुवार सुबह 5:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी।

न्यू गिरिडीह में भी मिलेगा ट्रेन का ठहराव
गिरिडीह के यात्रियों के लिए इस ट्रेन की सबसे खास सुविधा न्यू गिरिडीह स्टेशन पर ठहराव है। जानकारी के अनुसार 03007 हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल सोमवार सुबह करीब 5:53 बजे न्यू गिरिडीह पहुंचेगी। वापसी में 03008 खातीपुरा-हावड़ा स्पेशल मंगलवार रात करीब 10:20 बजे न्यू गिरिडीह से रवाना होगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर भी रुकेगी ट्रेन
स्पेशल ट्रेन बर्द्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर, न्यू गिरिडीह, जमुआ, कोडरमा, गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पं. दीनदयाल उपाध्याय, सुबेदारगंज, गोविन्दपुरी, इटावा, फतेहाबाद, आगरा कैंट, भरतपुर, बांदीकुई और दौसा समेत कई स्टेशनों पर रुकेगी।
22 डिब्बों के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
ट्रेन में कुल 22 डिब्बे होंगे। इनमें चार थर्ड एसी, 10 द्वितीय शयनयान, छह साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बे शामिल हैं। त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्री दबाव को देखते हुए इस स्पेशल ट्रेन के परिचालन से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

त्योहारों में घर लौटने वालों को मिलेगी सुविधा
कोडरमा सांसद प्रतिनिधि सह पूर्वी रेलवे के जेडआरयूसीसी सदस्य मुकेश जालान ने कहा कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। ऐसे में हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल ट्रेन और न्यू गिरिडीह में इसके ठहराव से क्षेत्र के लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने इस रेल सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी के प्रति आभार जताया।





