गिरिडीह: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में 24 सितंबर 2026 की देर रात दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना में रितिक यादव उर्फ बड्डी की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने मामले में नामजद मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था।मंगलवार को गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।
बंदरकुप्पी में मारपीट के बाद युवक की हत्या
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे बंदरकुप्पी में दो पक्षों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। घटना में रितिक यादव उर्फ बड्डी की हत्या की जानकारी सामने आई। इसके बाद मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 270/26 के तहत 25 सितंबर को मामला दर्ज किया गया।
एसआईटी ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, गिरिडीह के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर घटना में शामिल आरोपियों की पहचान शुरू की।
दो आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में किया जा रहा अग्रसारित
जांच के दौरान पुलिस ने प्राथमिकी में नामजद मुख्य आरोपी सतीश यादव, पिता अरुण यादव, निवासी नावाडीह, पीरटांड़ थाना क्षेत्र और उसके सहयोगी अनुज कुमार यादव, पिता सुखदेव यादव को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को न्यायालय में अग्रसारित किया जा रहा है। वहीं, घटना में शामिल अन्य प्राथमिकी एवं अप्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
आरोपियों की निशानदेही पर कई सामान जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बताई गई सफेद रंग की बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली रिनॉल्ड कंपनी की कार जब्त की है। इसके अलावा घटनास्थल से रक्त के नमूने, तीन बांस की लाठियां, पेड़ की एक डाली और तीन जोड़ी चप्पल भी जब्त की गई हैं।
कई थाना के पुलिस अधिकारियों की टीम कार्रवाई में शामिल
छापेमारी अभियान में सदर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, पीरटांड़ थाना प्रभारी जीतेन्द्र सिंह, पंचबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई लगातार जारी है।





