गिरिडीह: जिले में सोमवार को अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। पीरटांड़ थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में एक बाइक सवार की इलाज के दौरान मौ,त हो गई, जबकि बेंगाबाद थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो और बुलेट की टक्कर में दो लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
पीरटांड़ में पिकअप की टक्कर से गई जान
पहली घटना पीरटांड़ थाना क्षेत्र के चिरकी पेट्रोल पंप के समीप हुई। जानकारी के अनुसार जमुआटांड़ निवासी 50 वर्षीय चेतलाल साव बाइक से चिरकी की ओर से मधुबन जा रहे थे। इसी दौरान डुमरी की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में चेतलाल साव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पीरटांड़ थाना के अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौ,त हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और पिकअप वैन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बेंगाबाद में स्कॉर्पियो-बुलेट की भिड़ंत, दो घायल
वहीं दूसरी घटना बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गिरिडीह-मधुपुर मुख्य मार्ग पर दोराहिया के समीप हुई। यहां एक स्कॉर्पियो और बुलेट बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में बुलेट सवार अरुण यादव और रेनू देवी घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।
दुर्घटना के कारण कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा। सूचना मिलने पर बेंगाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया।
बताया गया कि स्कॉर्पियो और बुलेट दोनों देवघर से गिरिडीह की ओर आ रहे थे। इसी दौरान दोराहिया के समीप यह हादसा हुआ। घायल अरुण यादव और रेनू देवी देवघर के बिलासी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।











