गिरिडीह: शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से सोमवार को नगर निगम एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। यह अभियान टावर चौक, कचहरी चौक से लेकर नेताजी चौक तक संचालित किया गया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे लगाए गए ठेले-खोमचे हटाए गए। वहीं सार्वजनिक मार्गों पर अवैध रूप से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान भी काटा गया। अधिकारियों ने सड़क पर यातायात बाधित करने वाले अस्थायी अतिक्रमणों को हटाते हुए लोगों को भविष्य में सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने की हिदायत दी।
नगर निगम के सिटी मैनेजर कुणाल कुमार सिंह ने बताया कि शहर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुविधा और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क किनारे ठेले-खोमचे, वाहन अथवा अन्य सामान लगाकर अतिक्रमण न करें और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
अभियान के दौरान यातायात इंस्पेक्टर दुगन टोपनो, एसआई एतवा खेस, इमरान खान, सिटी मैनेजर कुणाल कुमार सिंह, सिटी मैनेजर अभिषेक प्रकाश, कुमार कौशिक, शिवम कुमार, रवि वर्मा सहित नगर निगम एवं यातायात पुलिस के कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
नगर निगम और यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नियमित अभियान चलाए जाएंगे।











