गिरिडीह: नगर थाना क्षेत्र के अंबेडकर चौक के समीप गिरिडीह-पचंबा मुख्य मार्ग स्थित वैन ह्युसेन कपड़ा शोरूम में मंगलवार को चोरी की बड़ी घटना सामने आई। अज्ञात चोरों ने शोरूम की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और नकदी सहित कई महत्वपूर्ण सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
शोरूम के मैनेजर अरुण कुमार ने बताया कि सोमवार रात चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जब दुकान खोली गई तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और शोरूम की छत कटी हुई थी, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि चोर छत के रास्ते अंदर दाखिल हुए थे।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि शोरूम में रखे 38 हजार 650 रुपये नकद, सीसीटीवी कैमरा, जियो फाइबर कनेक्शन से जुड़े उपकरण और अन्य सामान चोरी कर लिया गया है। हालांकि शोरूम में मौजूद कपड़ों और अन्य स्टॉक का मिलान अभी जारी है। स्टॉक का पूरा आकलन होने के बाद ही कुल नुकसान की सही जानकारी सामने आ सकेगी। आशंका जताई जा रही है कि चोरी गई संपत्ति की कीमत लाखों रुपये तक हो सकती है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कार्रवाई में जुटी हुई है।












