गिरिडीह शहर के व्यस्त अंबेडकर चौक के समीप मंगलवार को जिला परिवहन विभाग की ओर से सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) संतोष कुमार ने किया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रही और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान में बिना हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेजों के वाहन चला रहे लोगों की जांच की गई। अधिकारियों ने करीब 50 से 60 मोटरसाइकिलों तथा एक दर्जन से अधिक टोटो वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की पड़ताल की।
जांच के दौरान वाहन चालकों से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन निबंधन प्रमाणपत्र (आरसी), बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। कई चालक आवश्यक कागजात नहीं दिखा सके, जिसके बाद उनसे नियमानुसार जुर्माना वसूला गया। वहीं कुछ वाहन चालकों का चालान काटते हुए उन्हें भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
अभियान के दौरान अंबेडकर चौक पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति भी देखने को मिली। जांच से बचने के लिए कई वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करते नजर आए। हालांकि परिवहन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार अभियान चलाते हुए नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करती रही।
इस संबंध में डीटीओ संतोष कुमार ने बताया कि बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को रोककर उन्हें सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
डीटीओ ने आम लोगों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में आगे भी इस तरह के सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।












