गिरिडीह: गिरिडीह नगर थाना के पुलिस अधिकारियों पर आजसू पार्टी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष एवं ट्रक ऑनर्स एसोसिएशन के सह-जिलाध्यक्ष सुमित गौरव उर्फ कम्पु यादव के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगने के बाद मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। इस घटना को लेकर जिले के विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और छात्र संगठनों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
सोमवार को गिरिडीह यादव महासभा, आजसू महिला मोर्चा, आजसू छात्र संघ समेत कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 11 जून को गिरिडीह नगर थाना के डीएसपी नीरज सिंह और नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने सुमित गौरव के साथ अभद्र व्यवहार किया, गाली-गलौज की, मारपीट की तथा बिना किसी ठोस कारण के करीब दो घंटे तक उन्हें थाने में बैठाकर रखा।
इस दौरान यादव महासभा के नेताओं राजेश यादव और दिनेश यादव ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी नागरिक के साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं यदि आरोप निराधार हैं तो इसकी भी निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए।

नेताओं ने कहा कि पुलिस प्रशासन जनता की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए होता है। ऐसे में यदि पुलिसकर्मियों पर ही दुर्व्यवहार और मारपीट जैसे गंभीर आरोप लगते हैं तो इससे आम लोगों का विश्वास प्रभावित होता है। इसलिए प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए पारदर्शी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो यादव महासभा, आजसू परिवार और अन्य सामाजिक संगठन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। इसके तहत धरना-प्रदर्शन, विरोध मार्च और नगर थाना घेराव जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकते हैं।
मौके पर अखिल भारतीय यादव महासभा के कार्यकारी जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव, कोडरमा लोकसभा सांसद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद यादव, जदयू जिला अध्यक्ष सरयू गोप, फॉरवर्ड ब्लॉक के राजेश प्रसाद यादव, बजरंगी यादव, आजसू महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रियंका शर्मा, बेंगाबाद के पूर्व प्रमुख राम प्रसाद यादव, मुकेश यादव, जागेश्वर यादव, प्रदीप यादव, मंटू यादव, अक्षय यादव समेत यादव महासभा के सैकड़ों सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सभी संगठनों ने एक स्वर में प्रशासन से निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि समय रहते न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।












