गिरिडीह, सरिया: गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय किशोर के साथ कथित मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। परिजनों ने सिद्धिविनायक हॉस्पिटल से जुड़े डॉक्टर शिव प्रसाद पर क्रिकेट बैट से हमला कर किशोर को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया है। घायल किशोर तन्मय कुमार का इलाज फिलहाल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH), धनबाद में चल रहा है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित के दादा शिव शंकर प्रसाद द्वारा सरिया थाना में दिए गए लिखित शिकायत पत्र के अनुसार, रविवार की शाम करीब पांच बजे तन्मय अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। इसी दौरान खेलते समय गेंद पास स्थित सिद्धिविनायक हॉस्पिटल परिसर की ओर चली गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गेंद लेने पहुंचे तन्मय को देखकर डॉक्टर शिव प्रसाद नाराज हो गए और उसके हाथ से क्रिकेट बैट छीन लिया। इसके बाद डॉक्टर ने कथित तौर पर क्रिकेट बैट तथा लात-घूंसों से किशोर की पिटाई कर दी।
परिजनों का कहना है कि मारपीट के दौरान तन्मय के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

गंभीर हालत में PMCH धनबाद रेफर
घटना के बाद परिजन घायल किशोर को तत्काल बगोदर अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए PMCH धनबाद रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, किशोर के सिर में गंभीर चोट आई है। साथ ही अन्य आंतरिक चोटों की जांच के लिए सीटी स्कैन और एक्स-रे कराया जा रहा है।
आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग
घटना को लेकर परिजनों ने सरिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
डॉक्टर शिव प्रसाद ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं, डॉक्टर शिव प्रसाद ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल और आवासीय परिसर के आसपास बच्चों को कई बार क्रिकेट खेलने से मना किया गया था।
उनका दावा है कि पूर्व में खेल के दौरान फेंकी गई गेंद और पत्थरों से उनकी बेटी और उनकी मां को भी चोट लग चुकी है। डॉक्टर के अनुसार, रविवार को भी कुछ बच्चे अस्पताल परिसर के समीप क्रिकेट खेल रहे थे, जिससे गेंद और पत्थर उनके घर के पास आकर गिर रहे थे।
उन्होंने बताया कि बच्चों को वहां से हटकर किसी अन्य स्थान पर खेलने की सलाह दी गई थी क्योंकि परिसर में मरीजों का लगातार आना-जाना लगा रहता है और किसी के घायल होने की आशंका बनी रहती है।
डॉक्टर शिव प्रसाद का आरोप है कि समझाने के दौरान कुछ बच्चों ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिसके बाद उन्होंने गुस्से में एक-दो थप्पड़ मार दिए और क्रिकेट बैट को जमीन पर पटककर तोड़ दिया। हालांकि, उन्होंने किशोर को क्रिकेट बैट से पीटने और गंभीर रूप से घायल करने के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि घटना के बाद रात में कुछ परिजन उनके घर पहुंचे और हंगामा किया।
पुलिस जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फिलहाल सरिया थाना पुलिस को मामले की लिखित शिकायत सौंप दी गई है। पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











