गिरिडीह: जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र के बोरो हवाई अड्डा के समीप स्थित एक किराये के मकान में रहने वाले 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को उसका शव कमरे में फंदे से लटका हुआ मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सीहोडीह निवासी पंकज कुमार (28), पिता मुन्ना राम, के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार पंकज कुमार अपनी पत्नी और एक बच्चे के साथ किराये के मकान में रहता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब पांच वर्ष पूर्व उसने एक मुस्लिम युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों का एक बच्चा भी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने कई गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मृतक की मां का आरोप है कि उनके बेटे और बहू के बीच अक्सर विवाद होता था। उनका कहना है कि बहू का किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का संदेह था, जिसे लेकर रविवार सुबह भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। परिजनों के मुताबिक विवाद के बाद पंकज की पत्नी घर छोड़कर चली गई और कुछ देर बाद पंकज का शव फंदे से लटका हुआ मिला। हालांकि इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना पर पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन कर रही है।
मृतक की मां ने प्रशासन से अपने पोते को परिवार के संरक्षण में सौंपने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चे की सुरक्षा और बेहतर भविष्य को देखते हुए उसे परिवार के पास रखा जाना चाहिए।
इधर, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।











