एक महिला की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने सोमवार की देर रात सिरसिया स्थित मनीष नर्सिंग होम में मारपीट, तोड़फोड़ और हंगामा किया। आक्रोशित लोग अचानक मनीष नर्सिंग होम में पहुंचे और तोड़फोड़ किया व वहां मौजूद डॉ बी. बी. सिंह और डॉ राजीव कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच बचाव करने आए चार कर्मचारियों को भी पीटा। घटना में दो डॉक्टर समेत छह लोग घायल हुए हैं। बताया जाता है कि नर्सिंग होम में बरमसिया के गौतम भदानी की पत्नी ब्यूटी कुमारी को 20 अगस्त को गर्भवती अवस्था में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन से उसने एक बच्ची का जन्म दिया। बताया जाता है की इसी बीच महिला की स्थिति बिगड़ने लगी। उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। धनबाद में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गयी। इधर, मृतक के परिजनों और नजदीकी लोगों का कहना है कि नर्सिंग होम के डॉक्टरों की लापरवाही के कारण महिला की स्थिति गंभीर हो गयी और खुद को बचाने के लिए डॉक्टरों ने उसे तुरंत रेफर कर दिया। मृतका का देवर आयुष का कहना है कि ऑपरेशन के पूर्व ब्लड जांच करायी गयी थी, जिसमें यह पुष्टि हुई थी कि प्लेटलेट्स कम है और बुखार भी है। इसके बाद भी चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर दिया। इससे उनकी भाभी की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मुफस्सिल व नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो व शैलेश प्रसाद सदल-बल घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत करवाया।












