गिरिडीह: जामताड़ा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के बेलाटांड़ गांव के पास शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। स्कूली बच्चों से भरे एक टेंपो को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सात बच्चे घायल हो गए, जिनमें एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो संख्या JH10AG-0598 में एक निजी विद्यालय के एक दर्जन से अधिक बच्चे सवार होकर स्कूल जा रहे थे। बेलाटांड़ गांव के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में घोसको गांव निवासी पियूष कुमार वर्मा (8 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में फ्रैक्चर होने के कारण स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। वहीं छह अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं, जिनका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और अहिल्यापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।
अहिल्यापुर थाना प्रभारी एनुलहक खान ने बताया कि टेंपो में एक निजी स्कूल के एक दर्जन से अधिक बच्चे सवार थे। ट्रक की टक्कर से सात बच्चे घायल हुए हैं, जिनमें एक बच्चे को गंभीर चोट आई है। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।












