गिरिडीह, झारखंड: झारखंड के गिरिडीह जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के तुरुकडीहा गांव में एक पिता ने अपनी ही तीन मासूम बेटियों की धारदार हथियार से हमला कर ह,त्या कर दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
मृत बच्चियों की पहचान 12 वर्षीय पल्लवी कुमारी तथा 7 वर्षीय जुड़वा बहनों रिद्धि और सिद्धि के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता नंदू यादव ने सोमवार सुबह अपनी तीनों बेटियों पर धारदार ह,थियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौ,त हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ जीतबाहन उरांव और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता नंदू यादव को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ जीतबाहन उरांव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के पीछे के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, नंदू यादव पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले उसकी नौकरी अतिवीर फैक्ट्री से चली गई थी, जिसके बाद वह काफी परेशान रहने लगा था। हालांकि पुलिस अभी इन दावों की भी जांच कर रही है।
एक साथ तीन मासूम बच्चियों की हत्या से पूरा गांव स्तब्ध है। घटना के बाद क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और लोग इस दर्दनाक वारदात को लेकर गहरे सदमे में हैं।












