डुमरी (गिरिडीह): गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपराडीह ओवरब्रिज के समीप शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पिता-पुत्र की मौ,त हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो कारों और एक बाइक के बीच हुई इस भीषण टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी बाधित रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खाखीकला निवासी अब्बू हयात अपनी पत्नी रूबेना खातून, छह वर्षीय पुत्र अमीनुल तथा अलीना परवीन के साथ बाइक से डुमरी थाना क्षेत्र के बेरगी गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान पिपराडीह ओवरब्रिज के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। इसी बीच पीछे से आ रही दूसरी कार भी पहली कार से टकरा गई, जिससे हादसा और भयावह हो गया। दुर्घटना के दौरान एक कार सड़क पर पलट गई।
हादसे में छह वर्षीय अमीनुल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं अब्बू हयात, रूबेना खातून और अलीना परवीन समेत अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने अमीनुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं अब्बू हयात और रूबेना खातून की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया। हालांकि धनबाद ले जाने के दौरान रास्ते में ही अब्बू हयात ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, थाना पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एक ही परिवार के पिता और पुत्र की मौ,त से खाखीकला गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।











