गिरिडीह |
पालगंज के धावाटांड़ पहाड़ी के पास हुआ हादसा, इलाज से पहले ही युवक ने तोड़ा दम
गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र के पालगंज स्थित धावाटांड़ पहाड़ी के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदगुंदा निवासी छाट्टू राय के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार छाट्टू राय अपने ससुराल पीरटांड़ प्रखंड के पालगंज-सुगवाटांड़ से बाइक से अपने घर बदगुंदा लौट रहे थे। इसी दौरान धावाटांड़ पहाड़ी के पास एक तीखे मोड़ पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे नीचे जा गिरी। हादसे में उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों ने पहुंचाई अस्पताल, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे स्थानीय लोगों ने घायल युवक को देखा और तुरंत उनके ससुराल वालों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और ग्रामीणों की मदद से उन्हें आनन-फानन में गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया।
हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन सदर अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया।
गर्भवती पत्नी और दो छोटे बच्चों के सिर से उठा सहारा
छाट्टू राय अपने पीछे गर्भवती पत्नी, सात वर्षीय पुत्र और तीन वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि उनकी शादी करीब नौ वर्ष पहले हुई थी और उनकी पत्नी गर्भावस्था के अंतिम महीने में हैं।
परिवार के अनुसार, कुछ ही दिनों बाद घर में नए सदस्य के आने की खुशियां मनाई जानी थीं, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। मृतक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा बाइक के अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर जाने के कारण हुआ।












