15 जुलाई 2026
तिसरी, गिरिडीह (झारखंड)
तिसरी-गांवा मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा
गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिसरी-गांवा मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसा भुराई मध्य विद्यालय के समीप उस समय हुआ, जब एक ब्लैक रंग की बोलेरो और बाइक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक करीब 20 फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
हादसे में दो युवकों की गई जान
मृतकों की पहचान तिसरी थाना क्षेत्र के गुमगी राउत टोला निवासी 25 वर्षीय विवेक राउत (पिता स्व. विजेंद्र राउत) तथा प्रिस राउत (पिता विजय राउत) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक आपस में चचेरे भाई थे और तिसरी के दक्षिणी छोर के जिला परिषद सदस्य रामकुमार राउत के रिश्तेदार भी थे।

तिसरी चौक से घर लौटते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक तिसरी चौक से अपने घर गुमगी लौट रहे थे। इसी दौरान गांव की ओर से आ रही एक ब्लैक कलर की बोलेरो ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही प्रिस राउत की मौत हो गई, जबकि विवेक राउत गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को किया मृत घोषित
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और तिसरी पुलिस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) तिसरी पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान विवेक राउत ने भी दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं तिसरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।











