कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और दस्तावेज नवीस संघ ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
गिरिडीह। जिला निबंधन कार्यालय के रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल के निधन से पूरे विभाग में शोक की लहर है। उनके निधन की सूचना मिलते ही निबंधन कार्यालय के कर्मचारी, अधिवक्ता और दस्तावेज नवीस संघ के सदस्य उनके पैतृक गांव पहुंचे तथा शोकाकुल परिवार से मिलकर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
दो मिनट का मौन रखकर दी श्रद्धांजलि
बुधवार को जिला निबंधन कार्यालय परिसर में शोकसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। शोकसभा में मौजूद सभी लोगों ने बालेश्वर पटेल के सरल स्वभाव, ईमानदार कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि वे केवल एक अधिकारी नहीं, बल्कि अपने व्यवहार और निष्पक्ष कार्यशैली से सभी के प्रिय थे। उनका निधन विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है।
आरोपियों की गिरफ्तारी पर संतोष, त्वरित न्याय की मांग
दस्तावेज नवीस संघ के सदस्यों ने बताया कि गांव पहुंचने पर उन्हें जानकारी मिली कि ह,त्या कांड में शामिल सभी आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। उन्होंने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए मामले की निष्पक्ष एवं शीघ्र सुनवाई की मांग की, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा मिल सके।
शोकसभा के अंत में सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि बालेश्वर पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उन्हें समय पर न्याय मिलेगा।












